नगर पालिका ने शहर में जलवाए अलाव
दिन में सूर्यदेव के दर्शन होने से जहां लोगों को सर्दी का एहसास कम हुआ है। वहीं, रात में सर्द हवा के चलने से गलन बढ़ गई है। इससे लोग शाम ढले घर में दुबकने को विवश हैं। शाम के बाद शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटे का माहौल दिखने लगता है। रोडवेज बस अड्डे का भी यही हाल देखने को मिल रहा है। इस बीच ठंड बढ़ने के बाद नगर पालिका परिषद ने शहर में कई स्थानों पर अलाव जलाने के लिए लकड़ी डाल दी।
पिछले कुछ दिनों घना कोहरा होने के बाद शनिवार को सुबह मामूली कोहरा होने के साथ ही गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा था, लेकिन करीब नौ बजे सूर्यदेव के दर्शन हुए तो लोगों को सर्दी से राहत मिल गई। वहीं, शाम ढलने के बाद चलने वाली हवा ने सर्दी को बढ़ा दिया। इससे तमाम यात्री सर्दी में ठिठुरते नजर आए। ऐसे में आवारा पशु भी सर्दी में ठिठुरते नजर आए। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर में रेलवे स्टेशन, रोडवेज, जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल, घंटाघर, कचहरी चौराहा, गांधी ग्राउंड, शिवमंदिर, पुलिस लाइंस चौराहा समेत तमाम स्थानों पर अलाव जलवानेे के लिए लकड़ी का वितरण किया गया। हालांकि शुरुआत के दिनों में नगर पालिका ने अलाव का बंदोबस्त सभी स्थानों पर नहीं किया था।