बदायूं। मौसम ने एक बार फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश बढ़ने के साथ भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बृहस्पतिवार को पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसी गर्मी में मनुष्य ही नहीं, पशु-पक्षी भी छांव की तलाश करते दिखे।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी। दोपहर तक सूरज की तल्खी और बढ़ गई। हवाएं गर्म हो गई। लोग घर से निकलने से बचते रहे। बहुत जरूरी होने पर लोग मुंह ढककर व धूप का चश्मा लगाकर निकले। भीड़भाड़ वाले स्थान सराफा बाजार, छह सड़का, कचहरी रोड, गांधी ग्राउंड रोड, आंबेडकर पार्क रोड पर आवाजाही कम रही। पैदल व साइकिल से चलने वाले राहगीर छांव तलाशते नजर आए। शीतल पेय की दुकानों पर लोग प्यास बुझाते दिखाई पड़े। मौसम विज्ञानी डा. आलोक सागर गौतम ने बताया कि आगामी दो दिन गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। उसके बाद हल्की बारिश होने का अनुमान है। फिजीशियन डॉ. गजेंद्र वर्मा का कहना है कि लोग बाहर निकलने के पहले धूप से बचाव का इंतजाम कर लें। पानी की बोतल और ओआरएस का पैकेट लेकर निकलें। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। हीट वेव की चपेट में आने पर तत्काल चेहरे व पैर के तालू को गमछा भिगोकर पोछें। तत्काल नजदीकी अस्पताल में ले जाकर उपचार कराएं।
गर्मियों में चक्कर आने से कैसे बचें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, पानी से भरपूर फल व सब्जियों का सेवन करें।
- अत्यधिक चाय या कॉफी पीने से बचें। इनसे निर्जलीकरण का खतरा हो सकता है।
- ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) लेते रहें।
- गर्मियों में नारियल पानी और नींबू पानी का सेवन जरूर करते रहें।
- सूरज के संपर्क में आने से बचें, खासकर दोपहर के दौरान।
- सूती, ढीले-ढाले और हल्के कपड़े पहनें।
भीषण गर्मी में छाता लगाकर भामाशाह चौक से गुजरती महिला। संवाद