गर्म हवा से बचने को ढक रहे चेहरा और सिर
चिलचिलाती धूप और गर्म हवा ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। सोमवार को लोग जरूरी काम करने के लिए घरों से निकले, तो सूर्य की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया। परेशान राहगीरों ने कहा कि उफ! गर्मी ने तो घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर में शहर सहित कस्बों में सन्नाटा पसरा रहा।
सूर्य की तपिश से बचने के लिए घरों से निकलने वाले राहगीर तमाम प्रयास कर रहे हैं, लेकिन तपिश से राहत नहीं मिल पा रही है। लोग मॉस्क, गमछा और स्टॉल आदि से चेहरे को ढकने के साथ ही चश्मा लगा रहे हैं। गर्मी की वजह से कोल्ड ड्रिंक और अन्य पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ गई है।