जिले में 18 सितंबर तक चलेगा रोगी ढूंढने को अभियान
सहसवान, दहगवां, दातागंज में मिले सबसे ज्यादा रोगी
कुष्ठ रोगियों की तादाद जिले में तेजी से बढ़ रही है। कुष्ठ रोगी खोज अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चार दिन में जिले में 52 कुष्ठ रोगी ढूंढ लिए हैं। पांच सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान 18 सितंबर तक चलेगा। रविवार को अभियान की मॉनीटरिंग के लिए राज्य स्तरीय टीम जिले का दौरा करने पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर साल कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया जाता है। अभियान के दौरान मिलने वाले कुष्ठ रोगियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क दवाएं मुहैया कराई जाती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी एसीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि चार दिन में जिले में कुल 1120 संदिग्ध कुष्ठ रोगी मिले हैं। इनमें परीक्षण के बाद 52 ऐसे रोगी पाए गए जिनको कुष्ठ रोग है। सबसे ज्यादा कुष्ठ रोगी दहगवां, दातागंज और सहसवान ब्लाक में मिले हैं। 18 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान की मॉनीटरिंग के लिए रविवार को राज्य स्तरीय टीम बदायूं पहुंच रही है।