बदायूं। धनतेरस, दिवाली एवं छठ पूजा के दृष्टिगत जनपद में विद्युत निगम की ओर से नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो इन त्योहारों पर 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
अधीक्षण अभियंता महेंद्र प्रसाद के अनुसार, इन त्योहारों पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उपभोक्ता 9410410388 नंबर पर विद्युत आपूर्ति में आई समस्याओं की सूचना दे सकेंगे। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त सभी सूचनाओं को नोट किया जाएगा। इसके बाद संबंधित उपखंड, अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी व अधिशासी अभियंता को अवगत कराया जाएगा, ताकि खराबी को शीघ्र ठीक कराया जा सके।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नियंत्रण कक्ष में आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में तीन कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अंकित बाबू सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, आकाश शाक्य शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक और विनीत रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे।
वहीं उदित वर्मा अतिरिक्त के रूप में तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि किसी कार्मिक के अवकाश पर जाने की स्थिति में उदित वर्मा उसके स्थान पर कार्य करेंगे। त्योहारों के दौरान विद्युत व्यवधान की सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।