शहर कोतवाली क्षेत्र की मालवीयगंज चौकी के सामने स्थित सर्राफ की दुकान से दो उचक्कों ने टप्पेबाजी करके लाखों रुपये के जेवर उड़ा लिए। सर्राफ राकेश गुप्ता कुछ समझ पाते, इससे पहले उचक्के बाइक पर सवार होकर भाग गए। घटना की खबर मिलने पर सीओ सिटी आरएस धामा, इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। सर्राफ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मालवीयगंज पुलिस चौकी के सामने राकेश गुप्ता की सर्राफा की दुकान है। गुरुवार दोपहर दो बजे बाइक से दो युवक उनकी दुकार पर पहुंचे। एक युवक दुकान के बाहर बाइक पर बैठा रहा। दूसरा अंदर गया। उसने राकेश गुप्ता ने सोने की चेन और दुरिया दिखाने को कहा। दुकान पर राकेश गुप्ता का बेटा मयूर गुप्ता भी थ। राकेश ने उस युवक को दिखाने के लिए सोने की गई चेन वहां रखीं। इनमें दो चेन उसने पसंद भी कर लीं।
बाद में इस युवक ने खुद को जैन समाज का बताते हुए कहा कि उसके यहां सोने की खरीददारी का तरीका अलग है। सोना खरीदने से पहले कुछ देर अलग रखने का रिवाज है। यह कह कर उसने राकेश से सोने की 10 चेन एक पॉलीथिन में रखवा लीं। पॉलीथिन को कुछ देर कउंटर पर रखने को कहा। इससे पहले कि राकेश और उनका बेटा मयूर कुछ समझपाता, युवक पॉलीथिन उठाकर बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ भाग गए। राकेश ने शोर मचाया, लेकिन दोनों उचक्के भाग चुके थे। राकेश के मुताबिक सोने की चेनों का वजन करीब 180 ग्राम है।
खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी आरएस धामा और इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने वीडियो फुटेज भी देखी। राकेश की तहरीर पर दो अज्ञात टप्पेबाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दिन दहाड़े हुई घटना से व्यापारियों में रोष है।
------
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच पड़ताल की जा रही है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-आरएस धामा, सीओ सिटी