बदायूं। जगत सीएचसी में तैनात महिला डॉक्टर जिला अस्पताल परिसर के सरकारी आवास में रहती हैं। आरोप है कि आवास में उन्होंने एक महिला का प्रसव कराया। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। पीड़ित ने एडी हेल्थ से शिकायत की है। इस पर एडी ने जांच के निर्देश सीएमओ को दिए हैं।
हजरतपुर दातागंज निवासी इलियास अहमद ने बताया कि 13 दिसंबर को उनकी पत्नी नसरीन को प्रसव पीड़ा हुई तो वह जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां मिली डा. आकांक्षा ने अपने निजी घर पर प्रसव के लिए बुलाया। वहां प्रसव के दौरान ऐसा चीरा लगाया कि उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उन्होंने दूसरी जगह दिखाने की बात कहते हुए भेज दिया। इलियास ने पूरे मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर की है। इसके बाद एडी हेल्थ बरेली ने सीएमओ को पत्र भेजकर जांच करने को कहा।
डाॅ. आकांक्षा सीएचसी में तैनात हैं लेकिन जिला अस्पताल में काम कर रहीं है। उन पर निजी प्रैक्टिस का भी आरोप है। डाॅ. आकांक्षा से फोन कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
डाॅ. आकांक्षा के संबद्ध में जांच के लिए एडी हेल्थ का पत्र आया है। जांच करवा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ