बदायूं। 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में देश-विदेश से आए स्काउट गाइड जहां विश्व संस्कृति की अद्भुत झलक पेश की। वहीं, जिले के स्काउट गाइड ने प्रदर्शनी, फूड प्लाजा, पीजेंट शो और एडवेंचर गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया।
जिले की टीम ने डीटीसी सत्यपाल गुप्ता के नेतृत्व में अद्भुत प्रदर्शनी लगाई। जिसमें अयोध्या श्रीराम मंदिर मॉडल, ज्वालामुखी, वाटर फाउंटेन, दृष्टिबाधित दिव्यांगों के लिए दिशा ज्ञान यंत्र, विज्ञान मॉडल, हस्तकला, इलेक्ट्रॉनिक और प्राचीन वस्तुओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विदेशी मेहमानों ने भी स्टॉलों का अवलोकन कर तारीफ की। फूड प्लाजा में जिले की प्रसिद्ध पेड़ा मिठाई और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद सभी ने लिया और उच्च मूल्यांकन दिया।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि एडवेंचर कार्यक्रमों में बदायूं के स्काउट गाइड ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मंकी ब्रिज, स्काई साइकिल, टायर ब्रिज, लांग ब्रिज, कमांडो ब्रिज, भीम पर लटकाना, टायर चिमनी, बांस दीवार, रैपलिंग और जंप जैसे कठिन एडवेंचर कम समय में पूरे कर टीम ने सभी का ध्यान खींचा। जंबूरी के एरीना में भारत, श्रीलंका, सऊदी अरब, नेपाल, मालदीव सहित दर्जनों राज्यों हिमाचल, पांडिचेरी, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र के स्काउट गाइड पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति के रंग में रंगे दिखे। जो आकर्षण का केंद्र रहा। भारत स्काउट गाइड के प्रादेशिक अध्यक्ष डाॅ. महेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना, जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, कुंवरसेन, कैलाश चंद्र, चंद्र मोहन, आशुतोष शर्म आदि मौजूद रहे।