बदायूं। सीएम डैशबोर्ड की अक्तूबर की रैंकिंग में जिला सात अंक चढ़कर 32वें स्थान पर पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को जारी रैंकिंग में जिले ने विकास और राजस्व दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है।
सितंबर की रैंकिंग में जिले को विकास में 35वां और राजस्व में 43वां स्थान मिला था। ओवरऑल रैंक 39वीं रही थी। अक्तूबर की रैंकिंग में जिला सात पायदान ऊपर चढ़ गया है। अक्तूबर में विकास में 35वीं और राजस्व में 33वीं रैंक आई है। ओवरऑल रैंक 32वीं दर्ज हुई है।
राजस्व के क्षेत्र में जिले ने सबसे अधिक सुधार किया है। सितंबर में 43वें स्थान पर रहने के बाद अक्तूबर में राजस्व में 10 अंकों का सुधार हुआ है। अब जिला 33वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं विकास के क्षेत्र में जिला 35वें स्थान पर स्थिर बना हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि शासन की योजनाओं की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों के निस्तारण और राजस्व वसूली में तेजी से रैंकिंग में सुधार हुआ है।
जिलाधिकारी अवनीश राय की ओर से विभागवार समीक्षा बैठकें कर अधिकारियों को लक्ष्य दिए जा रहे हैं। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी भी दी जा रही है। रैंकिंग में सुधार से प्रशासन में उत्साह है, लेकिन विकास के क्षेत्र में अभी और मेहनत की जरूरत है।
अधिकारियों का कहना है कि आगामी माह में जिले को टॉप-20 में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपदवासियों को भी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। रैंकिंग में लगातार सुधार जिले के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। डीएम अवनीश राय ने बताया कि रैंकिंग के संबंध समीक्षा की जाएगी।