ग्राम विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह फोन पर अमर उजाला से की बात
लखनऊ में प्रवास कर रहे यादव ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत कर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। बोले, मुख्यमंत्री ने उन पर जो भरोसा जताया है, अब उस पर खरे उतरने की बारी उनकी है। समाजवादी सरकार पहले ही गांव-खेत, खलिहान-किसान की बात करती है। देश की रीढ़ अन्नदाता का कैसे विकास हो, इसके लिए तमाम योजनाएं भी चला रखी हैं। बिजली, पानी, सिंचाई का प्रबंध किया जा रहा है। शौचालय, पक्के मकान बनाकर दिए जा रहे हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि वह जमीन से जुड़े हैं। आज जब इस मुकाम तक पहुंचे हैं, तो कुछ राजनीतिक विरोधियों को उनकी ये उपलब्धि हजम नहीं हो रही। वह साजिशें भी रच रहे हैं, लेकिन जिले के लोग सब जानते हैं।
उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद वह शनिवार को गृह जनपद आएंगे। उनको विभाग मिल जाने के खबर जब समर्थकों को लगी तो उनके आवास पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई।