अलापुर। शादी वाले घर से पांच लाख रुपये के जेवर चुराने के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जेवर घर पर बिजली की सजावट करने आए व्यक्ति ने ही चुराए थे। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश में किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नगर के वार्ड- 12 निवासी सलमान पुत्र मखबूल के घर में शनिवार को शादी की तैयारी चल रही थी। रविवार को बरात दातागंज के गांव बछेली जानी थी। रिश्तेदार घर में मौजूद थे। शनिवार की शाम को घर में बक्से में रखे पांच लाख रुपये के जेवर चोरी चले गए। परिजनों के मुताबिक, सजावट करने वाले बिजली कर्मी ही कमरे में घुसे थे। उनके अलावा कमरे में कोई अन्य व्यक्ति नहीं गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
सोमवार को थाना क्षेत्र के गांव भसराला निवासी अरबाज पुत्र शमशाद को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए सोने के जेवर भी बरामद हो गए। पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।