बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में सोमवार की सुबह पांच बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए नौ अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सात बदमाशों को पुलिस ने एसएसपी के सामने पेश कर किन्नर के यहां हुई डकैती का खुलासा किया। बदमाशों के कब्जे से 700 ग्राम सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण, 8.35 लाख रुपये और तमंचा-कारतूस मिले हैं। कोर्ट से सात बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि थाना ओरछी निवासी किन्नर टीना के घर से बीते सोमवार की रात हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी के मामले में लगातार पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली की कुछ बदमाश चोरी करने के उद्देश्य से गनगोली के जंगल में बैठकर कहीं चोरी करने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह करीब पांच बजे बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी अपने बचाव में फायरिंग की। दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सात बदमाशों से पुलिस पूछताछ करने के बाद उनको कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इन बदमाशों को लगी गोली
जिला अमरोहा के थाना नौगवा के गांव खेड़ा उपरोला के रहने वाले नाजिम व करमल्लीपुर निवासी तैय्यब को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनका उपचार चल रहा है। सही होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
नाजिम व तैय्यब पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पकड़े गए बदमाश नाजिम व तैय्यब पर अमरोहा जिले के नौगवां सादात, गजरौला, हसनपुर, अमरोहा देहात थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के हैं।
अरविंद देता था जिम की ट्रेनिंग
पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश अरविंद गौतम चंदौसी के सेमरटोला मोहल्ले का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह जिम ट्रेनर है। कई जिम में जाकर लोगों को ट्रेनिंग देता है। जिम की ट्रेनिंग देते-देते ही वह इस कांड में शामिल हो गया। चर्चा तो इस बात की भी है कि उसे पुलिस ने मुरादाबाद से उठाया है, जब वह अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल गया था।
यह बदमाश हुए गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार किए बदमाशों के नाम चंदौसी निवासी अरविंद गौतम, अमरोहा निवासी नाजिम, मौईन व तैय्यब, संभल निवासी असफाक उर्फ कान्ति, नदीम, शिब्बू उर्फ सोएब, फुरकान उर्फ फकरुद्दीन और सोहेल बताए हैं। इनके कब्जे से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर व 8.35 लाख रुपये बरामद किए हैं। बदमाशों पर चोरी डकैती के 12 से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
तीन बदमाश अभी हैं फरार
नौ लोगों के पकड़े जाने के बाद साफ है कि 12 बदमाशों में गन प्वाइंट पर लेकर किन्नर टीना और उसके साथियों से एक करोड़ से अधिक की डकैती को अंजाम दिया था। पुलिस ने नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अब भी तीन बदमाशों की पुलिस को तलाश है।
पुलिस को सूचना मिली कि गनगोली के जंगल में बैठकर कुछ बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। सात बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। घायलों के ठीक होने पर उन्हें भी जेल भेजा जाएगा। -डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी
डकेैती का बरामद माल।स्रोत-पुलिस।- फोटो : credit
डकेैती का बरामद माल।स्रोत-पुलिस।- फोटो : credit
डकेैती का बरामद माल।स्रोत-पुलिस।- फोटो : credit