बंद किए रास्ते से होकर निकल रहे वाहन। संवाद
बदायूं। बिसौली में सोत नदी पर बने वैकल्पिक मार्ग को बंद हुए कुछ ही घंटे बीते थे कि वाहन चालकों ने दोबारा इस रास्ते से निकलना शुरू कर दिया। वाहन चालकों ने मार्ग बंद करने के लिए डाले गए पेड़ को हटा दिया। अब हालात यह हैं कि जर्जर हो चुके इस मार्ग पर चार पहिया वाहन भी बेखौफ दौड़ रहे हैं।
मंगलवार को वैकल्पिक मार्ग के ऊपर से बह रहा नदी का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन सड़क दोनों ओर से बुरी तरह टूट चुकी है। सबसे बड़ी चिंता बीच धार में बनी पुलिया है, जो जगह-जगह दरक चुकी है। पुलिया के ऊपर सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो किसी भी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। बुधवार सुबह तक भी सोत नदी का बहाव काफी तेज रहा। उसके बाद में धीरे-धीरे पानी कम हो गया है। गर्मी में नाले जैसी दिखने वाली यह नदी इस बार उफान पर है और हजारों बीघा कृषि भूमि को अपनी चपेट में ले चुकी है। बुधवार को हल्की बारिश के बाद भी पानी का बहाव तेज बना हुआ है। अगर रात में तेज बारिश हुई तो जलस्तर और खतरनाक रूप ले सकता है। ऐसे हालात में इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा है।
बंद किए रास्ते से होकर निकल रहे वाहन। संवाद