मानवरहित क्रॉसिंग को बंद करने के विरोध में जहां मोहम्मदपुर ब्यौर गांव के
लोग पटरी को घेरते हुए धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं 250 मीटर खिसकाए
जाने की सहमति पर अब घटपुरी में ग्रामीणों ने तेवर तल्ख करते हुए खिलाफत
करना शुरू कर दिया है। पिछले चार दिन से धरना दे रहे ग्रामीणों का साफ कहना
है कि अगर समपार को मोहम्मदपुर की तरफ खिसकाया जाता है तो वह उग्र आंदोलन
करने को बाध्य होंगे। उन्होंने मांग रखी की फाटक जहां पहले था उसे वहीं रखा
जाए या फिर जिस जगह लग चुका है वहां न हटाया जाए।
मोहम्मदपुर गांव के
मसले के बाद अब घटपुरी के पास समपार पर प्रदर्शन कर रहे ओझा, पलियाझंडा,
मियांगंज, भैंसामई, झंझौरा, सिंगरौरा, ददमई आदि गांव के दर्जनों लोगों ने
कहा कि पूर्व में जहां मानवरहित क्रॉसिंग थी। वहां से सभी को सुविधाएं थीं।
इसके बाद वह क्रॉसिंग बंद कर करीब साढ़े सात सौ मीटर खिसकाकर पूर्वोत्तर
रेलवे ने रास्ता दे दिया। जिसका मोहम्मदपुर ब्यौर सहित दर्जनों गांव के
लोगों ने विरोध जताते हुए मानवरहित क्रॉसिंग को वहीं रखने की मांग की। इस
पर रेल अधिकारियों ने गांव वालों की बातों को मानते हुए 250 मीटर समपार
मोहम्मदपुर गांव की ओर से खिसकाए जाने पर सहमति जता दी। प्रदर्शन कर रहे
ग्रामीणों ने कहा कि इससे गांव वालों को परेशानी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि
समपार अगर खिसकाया जाता है तो ग्रामीणों को दिक्कतें आएंगी। गांव वाले कहते
हैं कि या तो फाटक को पूर्व की जगह ही रखा जाए या फिर जहां शिफ्ट किया जा
चुका है वहां रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी की अगर उनकी मांग नहीं मानते
हुए फाटक को खिसकाया जाता है तो वह आंदोलन करने को बाध्य होेंगे। उन्होेंने
इस संबंध में डीआरएम को ज्ञापन भी भेजा है। प्रदर्शन करने वालों में अनिल
कुमार मिश्रा, कमलेश, अरविंद, इकबाल, राजू सिंह, रामस्वरूप, राजाराम आदि
मौजूद रहे।