झांसी में मजूदरी के लिए गया नगर निवासी दंपति करीब दो महीने से गायब हैं। दंपति के साथ उसकी दोनों मासूम बेटियां भी हैं। मामला बृहस्पतिवार को थाने पहुंचा तो कोतवाल देवराज राठी ने संबंधित थाना पुलिस से फोन पर बात की। इधर, युवक के भाई ने परिचित पर शक जताते हुए तहरीर भी सौंप दी है।
नगर के मोहल्ला पठानटोला निवासी सोनू पिछले कई साल से झांसी के पुंछ थाना क्षेत्र में मजूदरी करता है। करीब दो महीना पहले वह घर आया। अगले दिन ही वह पत्नी राधा, चार साल की बेटी पायल और दो वर्षीय पलक को साथ ले गया। सोनू के भाई राजू के मुताबिक- झांसी में राधा अपनी दो बेटियों के साथ लापता हो गई। यह बात सोनूू को पता लगी तो वह भी खोजबीन को गया लेकिन उसके बाद से सोनू और उसकी पत्नी से उसका संपर्क नहीं हो पाया। राजू ने इसकी शिकायत झांसी जाकर पुंछ थाना पुलिस से भी की थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
दोनों बेटियों और पत्नी के साथ लापता सोनू के भाई ने बृहस्पतिवार को कोतवाल देवराज राठी से बात की। उन्हें तहरीर भी सौंपी है। तहरीर में उसने परिचित युवक पर शक जताया है। वह उसी के मोहल्ले का है। कोतवाल राठी ने बताया कि पुंछ थाने फोन करके वहां के एसएचओ से बात की गई है। एसएचओ ने राजू को बुलाया है। इधर, आरोपी से लापता दंपति के संबंधों पर घरवाले कुछ नहीं बोल रहे हैं।