प्लॉट के दस्तावेज दिखाता पीड़ित परिवार। संवाद
बदायूं। उझानी कस्बा में कछला रोड स्थित अंसारी कॉलोनी पर एक प्लॉट पर सभासद पति ने अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। पीड़ित का आरोप है कि सभासद पति ने एक मंत्री का नाम लेकर उसे धमकाया। बुधवार सुबह वह अपने गुर्गे लेकर प्लॉट पर कब्जा करने पहुंचे। पीड़ित परिवार ने विरोध किया और पुलिस बुला ली। पुलिस के आने के बाद सभासद पति वहां से चला गया। पीड़ित ने न्याय की मांग की है।
उझानी के मुहल्ला गंजशहीदा निवासी निसार ने डीएम से शिकायत की। बताया कि रोड किनारे उनका एक प्लॉट है। उस पर वह काबिज है, लेकिन एक सभासद पति दबंगई से कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। वह काफी दिनों से उन्हें डरा रहा है। उसने एक मंत्री के नाम की धमकी दी है। कहा है कि अगर प्लॉट पर कब्जा नहीं छोड़ा तो वह मंत्री से कहकर पूरे घर को जेल भिजवा देगा।
पीड़ित का आरोप है कि वह मंत्री से मिले, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। इस समय प्लॉट की कीमत लाखों में है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे सभासद पति वह कुछ गुर्गे व मजदूरों के साथ प्लॉट पर पहुंचा। जहां वह वहां नींव खुदवाने लगा तो उन्हें जानकारी हुई। वह परिवार के साथ मौके पर पहुंच तो झगड़ा करने लगा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो सभासद पति वहां से चला गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेज दिखाने के लिए कहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। उझानी कोतवाल नीरज मालिक ने बताया कि प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। वहां एक पक्ष नहीं मिला। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।