बदायूं। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) सुरेंद्र पाल सिंह की कोर्ट ने एनडीपीएस के मामले में अभियुक्त नरेश पाल को जुर्म स्वीकार करने के आधार पर दोषी ठहराते हुए जेल में बिताई अवधि की सजा के साथ चार हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
23 फरवरी 2024 को थाना बिनावर के तात्कालिक थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने कुंवरगांव तिराहे के पास नरेश पाल निवासी पलिया झंडा, थाना बिनावर को पकड़ा। उसकी तलाशी लेने के दौरान थैले से दो किलो पांच सौ ग्राम अफीम डोडा चूर्ण बरामद हुआ। पुलिस ने विवेचना के बाद पकड़े अभियुक्त नरेश पाल के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
विशेष न्यायाधीश ने पत्रावली का अवलोकन करने के बाद अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष की दलीलों को सुना और अभियुक्त को दोषी ठहराते हुए जेल में बिताई अवधि की सजा सुनाई। जुर्माने की धनराशि जमा न करने पर अभियुक्त को एक माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। संवाद