जिला महिला अस्पताल पहुंचकर टीम ने जांच की। संवाद
बदायूं। जिला महिला अस्पताल की 100 शैय्या बिल्डिंग की गैलरी में 22 दिसंबर 2025 की रात को बिना डॉक्टर, स्टाफ की मौजूदगी के प्रसव व नवजात की मौत के मामले में जांच करने टीम पहुंंची। टीम में शामिल सीडीओ, एडीएम (एफआर) और सीएमओ ने वहां पर तैनात डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, गार्ड आदि के बयान दर्ज किए। बता दें कि इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसका संज्ञान डिप्टी सीएम व विभागीय मंत्री बृजेश पाठक ने भी लिया है। ऐसे में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
जिला महिला अस्पताल का यह मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। डीएम अवनीश राय के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें सीडीओ केशव कुमार, एडीएम (एफआर) डॉ. वैभव शर्मा और सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा को शामिल किया गया था।
टीम ने बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित स्टाफ से पूछताछ की और अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाले। तीन सदस्यीय टीम ने अधिकारी से लेकर उस दिन तैनात डॉक्टर, स्टाफ, गार्ड सभी के बयान दर्ज किए हैं।
वीडियो बनाने वाले को तलाश रहा अस्पताल प्रशासन
चर्चा है कि जमीन पर प्रसव और नवजात की मौत के मामले में जिला महिला अस्पताल प्रशासन वीडियो बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई में जुटा हुआ है। अधिकारियों को इससे कोई लेना-देना नहीं है कि व्यवस्थाएं कैसी हैं और उनमें कैसे सुधार होगा। उनकाे सिर्फ इससे मतलब है कि अस्पताल की कमियां उजागर कैसे हुईं।
जांच के सिलसिले में जिला महिला अस्पताल गए थे। वहां गैलरी में जमीन पर प्रसव व नवजात की मौत के मामले में संबंधितों से बात की है। जल्द ही जांच पूरी की जाएगी। -केशव कुमार, सीडीओ