बदायूं। जिले में 70 वर्ष व उससे अधिक उम्र के लोगों के पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। इन लाभार्थियों की संख्या कितनी है, इसका पता सर्वे खत्म होने के दस दिन बाद भी नहीं चल सका है।
आयुष्मान भारत के तहत 70 वर्ष व उससे अधिक उम्र के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। इससे पांच लाख रुपये तक का इलाज प्राइवेट व सरकारी अस्पताल में इस उम्र के लोग निशुल्क करवा सकेंगे। सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना जिले में फर्राटा नहीं भर पा रही। करीब छह माह पहले शुरू हुई इस योजना में अब तक 12,100 कार्ड ही बन पाए हैं। इस वजह से बहुत सारे बुजुर्गों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा।
विभाग के पास 70 वर्ष व उससे ऊपर के लोगों की संख्या नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे बुजुर्गों की संख्या पता करने की जिम्मेदार पिछले माह संचारी रोग अभियान में लगीं आशाओं को सौंपी थी। बता दें कि अभियान को खत्म हुए 10 दिन बीत चुके हैं बावजूद इसके आशाएं ऐसा कोई डेटा अब तक विभाग को उपलब्ध नहीं करा सकी हैं।
आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक डॉ. वैभव गुप्ता ने बताया कि कुछ ब्लॉकों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके बाद ही इस संबंध में कुछ बता सकेंगे।