बिनावर के मलगांव रेलवे फाटक पर लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
बिनावर। मलगांव फाटक पर ट्रक की टक्कर से रेलवे का बूम टूट गया। उस समय मालगाड़ी निकल रही थी। फाटक का बूम टूटने से बरेली-बदायूं मार्ग पर जाम लग गया। रेलवे कर्मचारियों को बूम सही करने में लगभग तीन घंटे लगे, इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसा सोमवार को भोर में चार बजे हुआ।
मलगांव रेलवे फाटक से सोमवार को भोर में 4 बजे मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान बदायूं से बरेली की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बंद फाटक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से फाटक का एक बूम टूट गया। गनीमत यह रही कि फाटक का बूम तोड़ने के बाद ट्रक वहीं रुक गया अगर वह मालगाड़ी से टकराता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस दौरान फाटक पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और थाना बिनावर पुलिस को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सूचना पर रेलवे सुरक्षा कर्मी और रेलवे इंजीनियर टूटे हुए बूम को सही करने पहुंच गए। बूम को सही करने में लगभग तीन घंटे लगे। इसके बाद ही आवागमन सुचारू हो सका। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।