फैजगंज बेहटा। कस्बे में बंगाली डॉ. रिपंग विश्वास के बेटे प्रतीक विश्वास (25) का शव सोमवार को तालाब में मिला है। परिवार के लोगों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। वह तीन दिन पहले अचानक गायब हो गया था। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। युवक के हाथ-पैरों में ईंटें बंधी हुईं थीं। पुलिस ने हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग होने की आशंका जताई है।
कस्बे के मैन चौराहे पर करीब 30 साल पहले से बंगाली क्लीनिक संचालित है। यहां डॉ. रिपंग विश्वास परिवार के साथ रहते आ रहे हैं। उनका बेटा प्रतीक विश्वास तीन दिन पहले अचानक लापता हो गया। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। सोमवार को तालाब में लोगों ने शव उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव तालाब से निकलवाकर पहचान कराई। उसकी शिनाख्त प्रतीक विश्वास के रूप में हुई। शव देखने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनाें ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेजा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर के पीछे है तालाब, जहां मिला शव
डॉक्टर के घर के पीछे ही तालाब है। इसी तालाब में बेटे का शव मिला है। सवाल यह है कि उनका कस्बे में एक ही घर है तो फिर किसी से रंजिश कैसे संभव है। इस बात को लेकर परिवार के लोग भी सदमे में हैं। कस्बे के लोगों का कहना है कि युवक के हाथ-पैरों में ईंटें बंधी हुईं थीं। इससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। शव को तालाब में फेंका गया है। पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
शव तालाब में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को जिला मुख्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट व शिकायती पत्र के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है। -डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी, बदायूं