बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव जयपालपुर में सोमवार देर रात एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में हैंगिग से मौत की वजह सामने आई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की।
गांव जयपालपुर निवासी प्रदीप कुमार (25) पुत्र समरपाल खेती में परिवार का हाथ बंटाते थे। प्रदीप सोमवार शाम खाना खाने के बाद घर से बाहर निकल गए थे। इसके बाद वह नहीं लौटे। देर रात परिजन उनकी तलाश करते रहे। रात साढ़े 11 बजे प्रदीप का शव गांव के बाहरी दिशा में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पिता समरपाल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाल गौरव विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम को भेजा।
परिजनों ने बताया कि गांव से बाहर एक ट्यूबवेल के पास अवैध शराब बिकती है। जहां शराब पीने को लेकर प्रदीप का पांच लोगों से विवाद हो गया था। इसी वजह से उन लोगों ने प्रदीप की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट कर ली।
उसकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिग से मौत की पुष्टि हुई है। प्रदीप पांच भाइयों में दूसरे नंबर के थे। नवंबर में शादी होने वाली थी। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दातागंज कोतवाल ने बताया कि परिजनों के आरोप पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आत्महत्या व हत्या के आरोपों के पीछे की वजह की जांच की जा रहीं है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।