उझानी। कछला गंगाघाट पर कांवड़ियों के वाहन और थैले चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आगरा और पीलीभीत जिले के कांवड़ियों की दो बाइकें चोरी होने का मामला सामने आने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
आगरा में शाहगंज थानाक्षेत्र में केसर विहार काॅलोनी निवासी आकाश दिवाकर ने रात में करीब आठ बजे गंगा स्नान के दौरान बाइक घाट के पास ही खड़ी कर दी थी। कांवड़ लेकर लौटे तो बाइक नहीं मिली। पीलभीत जिले में बीसलपुर में सूरज कालोनी निवासी रविवार ने पुलिस को बताया कि कांवड़ लेकर लौटते में दहेमू के पास जाम से बचने को उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। उसी दौरान कोई उसे चुरा ले गया। पुलिस ने रवि और आकाश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।
रविवार रात आगरा के ही ताजगंज क्षेत्र के निवासी नीलेश बाबू की भी गंगाघाट से बाइक चोरी हो गई थी। इससे पहले तीन और बाइकें चोरी के मामले कोतवाली पुलिस तक पहुंच चुके हैं। कांवड़ियों के सामान चोरी होने का एक मामला पुलिस अफसरों तक पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस ने श्रद्धालु का थैला और उसमें रखा पर्स खोज निकाला था।