युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। मौजूद महिला पुलिस। संवाद
बिसौली। मोहल्ला साईं विहार कॉलोनी के रहने वाले चमन (23 वर्षीय) पुत्र कृष्ण कुमार का शव सोमवार की सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फंदे से निकाला और सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेजा है। परिजन के अनुसार बड़े भाई से झगड़ा हुआ था, इसके बाद ही वह कमरे में चला गया था।
परिजनों का कहना है कि चमन तीन भाइयों में बीच का था। रविवार रात को बड़े भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों को परिवार के लोगों ने शांत कर दिया। इसके बाद दोनों अपने-अपने कमरे में चले गए। सोमवार की सुबह चमन कमरे से बाहर नहीं आया तो मां ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई आवाज अंदर से नहीं आई। इसपर मां ने परिवार के सदस्यों को मौके पर बुला लिया। खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटका दिखाई दिया।
यह देख परिवार ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर उसे उतारा तो उस समय उसकी हल्की सांस चल रही थी। इसके बाद उसे सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर युवक ने आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है। अगर परिजन तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।