इस्लामनगर। किसैरा गांव के किसान रामलाल बृहस्पतिवार को थाने में शिकायती पत्र देने घर से निकले थे। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे। शुक्रवार को उनका शव खेत में मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
किसैरा गांव के रामलाल (50) खेती करते थे। उनका गांव के ही लोगों से विवाद चल रहा था। पहले से ही दो मुकदमे चल रहे थे। दो दिन पहले फिर विवाद हो गया। बृहस्पतिवार को वह तहरीर देने साइकिल से थाने को निकले थे। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। थाने पर जानकारी ली तो बताया कि साइकिल थाने पर छोड़कर वह चले गए हैं। लौटकर थाने पर नहीं आए हैं। शुक्रवार को दोपहर के समय ब्यौर गांव के जंगल में उनका शव मिला। परिजनों को सूचना मिली तो रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजन बिलख उठे। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा है।
तहरीर के आधार पर इन लोगों पर दर्ज हुआ केस
रामलाल की पत्नी ने दी तहरीर में बताया है कि जमीन की रंजिश में उनका गांव के ही हरी सिंह, पुष्पेंद्र , कुंतेश व दुर्गेश से मुकदमा चल रहा है। इनके खिलाफ तहरीर देने उनके पति बृहस्पतिवार को थाने गए थे। उनका शव अगले दिन खेत में पड़ा मिला है। चारों लोगों ने उनकी हत्या कर शव खेत में फेंका है। पुलिस ने चारों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
साइकिल व चप्पल थाने में मिलने से संदेह, दरोगा पर आरोप
रामलाल की साइकिल व चप्पलें थाने में मिलीं हैं। इससे मामला संदेह के घेरे में है। पहले परिवार के लोग एक दरोगा पर आरोप लगा रहे थे कि उसने थाने बुलाया था। दरोगा पर ही जान से मारने का शक भी परिजनों ने जताया था। बाद में तहरीर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ दी गई। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट खोलेगी राज
रामलाल की हत्या हुई या आत्महत्या, इसका राज पुलिस की जांच व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ही खोल सकेगी। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। पुलिस पर सवाल न उठें। इसलिए पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शव के पास सल्फास की गोली और मोबाइल मिला
रामलाल के शव के पास सल्फास की गाेली और मोबाइल मिला है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि उन्होंने सल्फास खाई होगी या फिर किसी ने उनको जहर दिया है। फिलहाल पूरा मामला संदिग्ध है। हत्या का मामला दर्ज होने से सभी सवालों पर विराम चिन्ह लग गया है।
कोट,
शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस ने किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद व जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी