क्षेत्र के गांव धोबरखेड़ा गांव में नहाते समय किशोर तालाब में डूब गया। अगले दिन गांव के लोगों ने शव तालाब से बाहर निकाला। शव देख परिवार में कोहराम मच गया।
गांव निवासी रामभरोसे खेती करते हैं। उनके परिवार में पत्नी तथा तीन बेटे थे, जिसमें एक बेटे की सड़क दुर्घटना में पहले ही मौत हो चुकी है। रामभरोसे पर फिर भगवान ने कहर बरपा कर दूसरे बेटे को भी छीन लिया। उनका पंद्रह साल का बेटा जसवीर शुक्रवार को पशु चराने जंगल में गया था। गर्मी अधिक होने के कारण शाम को वह गांव के तालाब में नहाने चला गया। यहां उसका पैर फिसलने से वह गहराई में जाकर डूब गया। जसवीर अकेले ही तालाब में नहा रहा था। इस कारण उसके डूबने की सूचना किसी को नहीं मिली। देर रात तक परिजन उसे खोजते रहे, लेकिन वह कहीं न मिला। शनिवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए तालाब की तरफ गए, वहां पर उन्हें तालाब में एक शव तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। परिवार व ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
00
किशोर की तालाब में डूबकर मौत की सूचना पर हम गांव पहुंचे थे, लेकिन मृतक के पिता रामभरोसे ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। -अमित चौधरी, प्रभारी थानाध्यक्ष जरीफनगर