जांच तेज, बड़े खुलासों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस और एसआईटी मामले की गहनता से जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं अभय की गिरफ्तारी को इस पूरे मामले में ‘मास्टर-की’ माना जा रहा है, जिससे न केवल हत्याकांड की साजिश का पूरा सच सामने आएगा, बल्कि कथित सियासी संरक्षण और जमीन के खेल का भी पर्दाफाश हो सकता है।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि ने बताई अजय व उसके ताऊ की हकीकत
दोहरे हत्याकांड के मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। दातागंज क्षेत्र के रहने वाले भाजपा नेता व पूर्व सांसद प्रतिनिधि विनोद राठौर का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनके द्वारा सैजनी गांव निवासी आरोपी अजय प्रताप सिंह व उसके ताऊ राकेश सिंह समेत अन्य परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस परिवार ने हर गलत काम किया है।
जमीनों पर कब्जा करना, हत्या, दबंगई के चलते इनके खिलाफ कोई बोलता नहीं था। इनके द्वारा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस-प्रशासन से की गई है। बता दें कि भाजपा नेता को आरोपी अजय के परिजनों ने कुछ दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी। इसका वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।