बदायूं। सम्मान निधि व पेंशन का लालच देकर युवक ने बुजुर्ग का बैंक में खाता खुलवा दिया। खाते में युवक ने अपना मोबाइल नंबर लगा दिया था। फिर उस युवक ने सम्मान निधि के एक लाख रुपये उनके खाते से निकाल लिए। इस पर बुजुर्ग ने थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव शिकारपुर के रहने वाले सोपाली (67) ने गांव के ही युवक नीरेश के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि वह पढ़े लिखे नहीं हैं। मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। गांव के नीरेश कुमार ने मार्च 2020 में किसान सम्मान निधि और वृद्धावस्था पेंशन दिलवाने की बात कही। उसने सोचा कि सरकारी मदद मिल जाएगी। नीरेश ने उसका खाता सहसवान के एक बैंक में खुलवा दिया। धोखाधड़ी करते हुए युवक ने अपना मोबाइल नंबर उनके खाते में लगवा लिया। बुजुर्ग के खाते में 2020 से मार्च 2025 तक किसान सम्मान निधि और पेंशन की करीब एक लाख रुपये की धनराशि आई और नीरेश उसे निकाल किया। इसका खुलासा तब हुआ, जब वह बैंक में रुपये निकालने 26 मार्च को गए। यह सुन उसके होश उड़ गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।