बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में सत्र 2025-26 में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के कगार पर है। फिर भी प्रवेश लेने के लिए छात्र-छात्राओं की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में छात्र-छात्राएं प्रवेश पाने के लिए जुगत लगा रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय की वेबसाइट, प्रवेश संबंधी सूचना व तकनीकी समिति के प्रभारी डॉ. सचिन राघव के अनुसार सबसे हाई मेरिट बीएससी जीव विज्ञान वर्ग के लिए गई है। जिसमें बीएससी की 88 सीटों में 87 पर प्रवेश हो चुके हैं। एकमात्र ओबीसी की सीट रिक्त है। जिसके लिए सोमवार को तृतीय मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इस एक सीट पर प्रवेश पाने के लिए बीएससी ओबीसी वर्ग के 93 अभ्यर्थी प्रतीक्षारत हैं।
इसके अलावा बीएससी गणित वर्ग में अनारक्षित में पांच, एससी में चार, ईडब्ल्यूएस में चार और ओबीसी में छह सीट पर अभी प्रवेश होना शेष है। जिसके लिए तीसरी मेरिट लिस्ट सोमवार को जारी की जाएगी। वहीं बीए की अनारक्षित 230 सीटों में से 218 पर प्रवेश हो चुके हैं। 12 सीटें खाली हैं।
ओबीसी की कुल 124 सीटों पर प्रवेश हो चुका है तो अनुसूचित जाति की 98 में से मात्र एक सीट रिक्त है। अनुसूचित जनजाति की नौ सीटों में से एक पर प्रवेश हुआ है और आठ सीट रिक्त हैं। प्रवेश नियंत्रक डॉ. श्रद्धा गुप्ता के अनुसार अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी उपलब्ध न होने की दशा में उन सीटों पर प्रवेश के द्वितीय चरण में अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों का प्रवेश ले लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को प्रथम व द्वितीय सूची के छूटे अभ्यर्थियों का प्रवेश मेरिट के वरीयता क्रम में लिया गया था। सोमवार को तीसरी सूची जारी कर रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। ऐसे में सोमवार को प्रवेश प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी अपने मूल अंक पत्र , टीसी और चरित्र प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित काउंटर पर काउंसलिंग के लिए उपस्थित रहें।