ककराला के नगर पालिका में आधार केंद्र का जायजा लेते कांग्रेस प्रदेश सचिव अजीत सिंह यादव। संवाद
ककराला। जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत सिंह यादव के नेतृत्व में ककराला में जारी बेमियादी धरने को बड़ी कामयाबी मिली है। धरना देने वालों की मांग पूरी करते हुए प्रशासन ने नगर पालिका में आधार केंद्र खुलवा दिया है। शुक्रवार को 67 लोगों के आधार कार्ड बने। कांग्रेसियों ने नगर पालिका जाकर आधार केंद्र का जायजा लिया। शनिवार को बेमियादी धरनास्थल पर प्रशासन से कांग्रेस प्रदेश सचिव अजीत यादव की वार्ता की संभावना है।
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर ककराला में कांग्रेस का बेमियादी धरना 54वें दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन के 11वें दिन कांग्रेस नेता फितरत खान ने अनशन किया। कांग्रेसियों की मांग थी कि यहां सड़क बनवाई जाए, फॉगिंग करवाई हो, डिग्री कॉलेज खुले, आधार केंद्र आदि खोलने की मांग है। इसको लेकर पिछले 54 दिनों से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। धरने के शुरू में कुछ अधिकारी यहां पहुंचे थे, लेकिन बाद में कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इसके बाद भी कांग्रेसियों ने हार नहीं मानी और धरना जारी रखा। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही धरना खत्म होगा।