कछला। लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस जांच कर रही है। ठगी के शिकार लोगों ने जिस व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया था। उसे पुलिस ने छोड़ दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जरूरत पड़ने पर उसे फिर बुलाया जाएगा।
मंगलवार को नगर के वार्ड तीन, पंखिया नगला में मोबाइल में एक एप डाउनलोड कराके लोगों को दो से पांच लाख तक लोन दिलाने के नाम पर 300, 500 व 1000 रुपये तक ले लिए थे। ठगी के शिकार हुए मुनीर ने बताया की इस मामले में कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं। इन लोगों के साथ आते थे तो वह एप के बारे में समझाते थे। समय सीमा खत्म हो जाने पर भी खाते में रुपये नहीं आये तो लोगों को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। इस मामले में नरेंद्र, सलमान, सन्नू, अरबी हुसैन, शहनाज, जाबिर, जुलेसा, आलम हुसैन, अरबीना, मुनीर, रिजबान, जहारमा आदि लगभग 80 लोग ठगी का शिकार हुए।
मंगलवार को पुन कंपनी का एजेंट को लोगों के गांव पंखिया नगला पहुंचा और फिर से एप के जरिए लोगों से खाते खुलवाने की बात कही, तो लोगों ने उसको पकड़ कर कछला पुलिस को सौंप दिया था। देर रात तक पुलिस उससे पूछताछ करती रही। सभी ठगी के शिकार लोगों को जांच करने की बात कहकर वापस घर भेज दिया। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। फिलहाल आरोपी युवक को छोड़ दिया गया है, जरूरत पड़ने पर उसको बुलाया जाएगा।