बदायूं। जिले के छूटे हुए इंटरमीडिएट के 638 विद्यार्थी आज और कल प्रयोगात्मक परीक्षा देंगे। परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को यूपी बोर्ड ने यह अंतिम मौका दिया है। प्रयोगात्मक परीक्षा से गैरहाजिर रहे 638 विद्यार्थी पुन: परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। सभी छूटे विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जीआईसी में सीसीटीवी कैमराें की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी।
नौ फरवरी से शुरू हुईं प्रयोगात्मक परीक्षाओं में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राएं उपस्थित नहीं हो सके थे। विभिन्न कारणों से जिले के 638 परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा छूट गई थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा पूर्व में दिए निर्देशों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परिषद से नियुक्त परीक्षकों द्वारा कराई जाएगी। इसके बाद अब दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
इन विषयों की होगी परीक्षा
छूटे हुए परीक्षार्थियों की भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान व अन्य प्रयोगात्मक परीक्षाएं जीआईसी केंद्र पर होंगी। परीक्षा के लिए छात्र को चार्ट, पेपर आदि सामग्री लेकर आना होगा।
बरेली मंडल में 3,800 विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आज से
बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा 2025 से वंचित रह गए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है। इसमें बरेली मंडल में 3,800, मुरादाबाद मंडल में 4952 व बिजनौर के 170 विद्यार्थी अपना परिणाम सुधार सकेंगे।
मंडल में बरेली में भौतिक विज्ञान के 368, रसायन विज्ञान में 365, जीव विज्ञान में 370 व अन्य 28 समेत कुल 1131 विद्यार्थियों की छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षा सात व आठ अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज में कराई जाएगी।
बदायूं में भौतिक विज्ञान के 188, रसायन विज्ञान में 170, जीव विज्ञान में 173, भूगोल में 39, गृह विज्ञान में 32, कंप्यूटर में सात व अन्य 41 समेत कुल 638 छात्र- छात्राओं की छूटी हुई परीक्षाएं राजकीय इंटर कॉलेज में होंगी।
शाहजहांपुर में भौतिक विज्ञान के 540, रसायन विज्ञान में 484, जीव विज्ञान में 527, भूगोल में 42, गृह विज्ञान में 50, कंप्यूटर में एक व अन्य 112 समेत कुल 1756 विद्यार्थी राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे।
पीलीभीत में भौतिक विज्ञान के 28, रसायन विज्ञान में 35, जीव विज्ञान में 30, भूगोल में 20, गृह विज्ञान में 22 व अन्य 140 समेत कुल 275 ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे।
वहीं मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद में भौतिक विज्ञान के 75, रसायन विज्ञान में 75, जीव विज्ञान में 55, गृह विज्ञान में 35 समेत कुल 240 राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में व भूगोल के 30 अंबिका प्रसाद इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे।
अमरोहा के 1913 राजकीय इंटर कालेज में, बिजनौर के 170 राजकीय इंटर कॉलेज में, रामपुर के 747 राजकीय रजा इंटर कॉलेज में, संभल के 2022 विद्यार्थी इंटर कॉलेज बहजोई में परीक्षा देंगे। संवाद