बदायूं। शनिवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने थाना मूसाझाग, कोतवाली दातागंज में थाना समाधान दिवस के अवसर पर जन शिकायतों को सुना। कुछ समस्याओं का मौके पर समाधान कराया। साथ ही अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्वक शिकायतों के निरस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में नाथपुर बनवारी निवासी अंकित शर्मा ने शिकायत की कि उसके पिता और चाचा में जमीन विवाद चल रहा है। चाचा मुरादाबाद में रहते हैं और यहां आकर झगड़ा करते हैं। दबंगई के बल पर खेत जोतने की कोशिश करते हैं, खेत जोतने से रोकने पर चाचा ने दरोगा से शिकायत कर दी और दरोगा ने चार-पांच बार धारा 151 में चालान कर दिया। चाचा पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। डीएम, एसएसपी ने थाना प्रभारी और लेखपाल को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम सिमरिया निवासी रवींद्र ने शिकायत की कि उनके चाचा ने 14 वर्ष पहले अपने हिस्से का खेत गांव के ही एक व्यक्ति को बेच दिया। जिस व्यक्ति को खेत बेचा था, उसने दबंगई के बल पर आधे खेत पर कब्जा कर लिया है और खेत जोतने नहीं दे रहा है। इसके अलावा ग्राम ब्योर चमरपुरा निवासी आनंदी, रुकुमपुर निवासी रमेश पाल सिंह, सादुल्लागंज निवासी सरोज तथा आमदपुर निवासी ब्रजपाल ने भी भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें कीं, जिस पर उन्होंने थाना प्रभारियों, लेखपालों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें।