बदायूं। टीईटी में संस्कृत विषय ने अभ्यर्थियों के चेहरे की रौनक उड़ा दी। अभ्यर्थियों ने कहा कि ओवरऑल प्रश्नपत्र सही आया। सिर्फ संस्कृत के प्रश्न हल करने में वक्त ज्यादा लग गया। बता दें कि जिले में शनिवार को 5640 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इन अभ्यार्थियों में से 5102 ने परीक्षा दी, जबकि 538 गैर हाजिर रहे।
जिले में शनिवार को टीईटी देने के लिए अभ्यर्थी पहुंचे। उनके मन में परीक्षा को लेकर उधल-पुथल चल रही थी। जैसे ही वह परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, उनकी धड़कनें बढ़ने लगीं। सघन तलाशी और जांच के बाद उनको केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर निकले छात्र मोनेश तिवारी ने बताया कि प्रश्नपत्र सामने आया तो धड़कनें तेज हो गई थीं।
यही हाल एटा निवासी सज्जन यादव का था। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र खोलने के बाद देखा तो काफी राहत मिली। प्रश्नपत्र ओवरऑल सामान्य था। हालांकि हल करने के दौरान संस्कृत के प्रश्नों ने काफी फंसाया। उनको करने में परेशानी हुई। कई प्रश्नों के उत्तर काफी मिलते-जुलते थे। इसकी वजह से काफी ज्यादा दिक्कत हुई।
अंतिम दिन शांति पूर्वक हुई परीक्षा
जिले में पहले दिन दो मुन्नाभाई परीक्षा देते हुए पकड़े गए थे, वहीं दूसरी दिन एक महिला फर्जी आधारकार्ड के जरिये परीक्षा देती पकड़ी गई। इन तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। तीसरे दिन जिले के 15 केंद्रों पर परीक्षा शांति पूर्वक हुई।
-अभ्यर्थी बोले- संस्कृत की वजह से हुआ नुकसान
वैसे तो पूरा प्रश्नपत्र सामान्य आया, लेकिन संस्कृत की वजह से थोड़ा परेशानी। इसकी वजह से कुछ नंबर का नुकसान हुआ है। -सुनील, कासगंज
संस्कृत के कुछ प्रश्न उलझाऊ आए थे, जिन्हें हल करने में काफी समय खराब हो गया। वैसे ओवरऑल प्रश्नपत्र सही आया। -मनोज, मैनपुरी
पकड़ी गई महिला अभ्यर्थी के खंगाले जा रहे दस्तावेज
बदायूं। टीईटी के दौरान राजकीय डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को आधार कार्ड में गड़बड़ी मिलने के बाद महिला अभ्यर्थी पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। सिविल लाइन पुलिस ने अभ्यर्थी के आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों समेत अन्य अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है।
उधर, आरोपी अभ्यर्थी ने बताया कि विवाह के बाद उसने अपना नाम परिवर्तित कराया था। उसके पति को भी संबंधित दस्तावेजों के साथ बुलाया गया है। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि ई-केवाईसी में गड़बड़ी मिलने पर महिला अभ्यर्थी को पकड़ा गया था। केस दर्ज कर अभ्यर्थी के दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिला अभ्यर्थी को घर भेज दिया है। संवाद
सुनील
सुनील