बदायूं। कस्तूूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राओं को अब भरपेट भोजन मिल सकेगा। बीएसए कार्यालय की ओर से निकाली गई राशन सप्लाई के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसमें तीन फर्म को राशन सप्लाई का ठेका दिया गया है।
कस्तूरबा गांधी आवसीय विद्यालयों में राशन सप्लाई के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से टेंडर निकाला गया था, जो जुलाई की शुरुआत में पूरा हो जाना था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में कुछ अनियमितताएं बरती गई। इसकी अधिकारियों की ओर से जांच की गई, लेकिन जांच प्रक्रिया बीच में ही अटक गई। इस वजह से आधी जुलाई निकल जाने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते विद्यालयों की छात्राओं को आधे पेट भोजन ही नसीब हो रहा था। पहले से रखे राशन से काम चलाया जा रहा था। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद में अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया। इसके बाद में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें तीन फर्मों को इसका ठेका दिया गया है। उम्मीद है इस सप्ताह ही स्कूलों में संबंधित फर्म सामान पहुंचना शुरू कर देंगीं।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में राशन सप्लाई का ठेका हो गया है। तीन फर्मों को इसका ठेका दिया गया है। इस सप्ताह संबंधित फर्म स्कूलों में राशन सप्लाई करने लगेंगी।
-रामपाल सिंह राजपूत, बीएसए