- सहसवान में आयोजित तहसील दिवस में मौजूद रहे अफसर
सहसवान स्थित मोहल्ला शहवाजपुर के दिव्यांग अबरार अपनी मां के साथ हाथों के बल फर्श पर सरकते हुए मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंचे तो वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर ही विकलांग पेंशन स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए। प्रभारी डीएम ने जिला विकलांग कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि पेंशन की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। सहसवान के तहसील दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
मंगलवार को प्रभारी जिलाधिकारी सीडीओ अच्छे लाल सिंह यादव ने एसएसपी महेन्द्र यादव और कई अन्य अधिकारियों के साथ तहसील सहसवान में आयोजित तहसील दिवस में जन शिकायतों को सुना। ग्राम बसौलिया के वयोवृद्ध नौशे खां ने अधिकारियों से फरियाद की कि आपसी भूमि विवाद का निस्तारण कराया जाए। प्रभारी डीएम ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर प्रकरण को आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित कराया जाए।
तहसील दिवस में रविन्द्र प्रताप एडवोकेट सहित दो दर्जन से अधिक अधिवक्ताओं ने शिकायत की कि इंडेन गैस एजेंसी पर होम डिलीवरी के नाम पर धनराशि तो ली जा रही है लेकिन होम डिलीवरी की सेवा नहीं मिल रही। उन्होंने गैस सिलेंडर मूल्य की रसीद भी उपलब्ध कराए जाने की मांग की। तहसील सहसवान के लेखपालों ने भी सेवा संबंधी 10 सूत्रीय ज्ञापन भी प्रभारी डीएम को देते हुए निस्तारण कराए जाने की मांग की। इस पर प्रभारी डीएम ने सेवा संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।