बदायूं के दातागंज में नीलगाय को बचाने के कारण हुए हादसे में घायल बच्ची का सीएचसी में इलाज कराया
दातागंज। दातागंज-बरेली मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भटौली और समरेर गांव के बीच नीलगाय को बचाने के प्रयास में टेंपो और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो सवार 10 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर एक टेंपो सवारियां लेकर दातागंज से देवचरा जा रहा था। भटौली और समरेर गांव के बीच अचानक खेतों की तरफ से एक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गया। हादसे में टेंपो में सवार पांच लोग घायल हो गए।
घायलों में गांव बुधपुरा निवासी रानू (50), शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन थाने के घसे कल्याणपुर निवासी वेदराम (50), गुड्डू (32), मानवी (10) और दातागंज के अरेला निवासी आर्यन (20) शामिल हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। घायलों में गुड्डू की हालत गंभीर होने पर उन्हें घटनास्थल से ही बरेली भेज दिया गया, जबकि अन्य चार घायलों को सीएचसी दातागंज में भर्ती कराया गया है।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में थाने पर अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। गंभीर घायल को हायर सेंटर भेजा गया है।
बदायूं के दातागंज में नीलगाय को बचाने के कारण हुए हादसे में घायल बच्ची का सीएचसी में इलाज कराया