गुस्साए ग्रामीणों को समझाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने खंगाले 150 सीसीटीवी कैमरे
उसकी तलाश में पुलिस ने लक्ष्मीपुर से लेकर बिसौली तक करीब 150 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। लक्ष्मीपुर गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन लोग ई-रिक्शा के साथ दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने सोमवार रात दो लोगों को दबोच लिया और उनसे सख्ती के साथ पूछताछ की गई। तब पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रोहताश का शव अरिल नदी से बरामद किया। उसका शव काफी खराब हो चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी जानकारी पर किशोर के परिवार वाले और गांव के तमाम लोग कोतवाली पहुंच गए।
उन्होंने कोतवाली का घेराव कर दिया। दोपहर करीब दो बजे कोतवाली के सामने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। परिवारवालों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और उन्हें सामने लाने को भी कहा। भीषण गर्मी में सभी लोग जाम लगाए रहे। इसकी सूचना पर फैजगंज बेहटा, बिल्सी, इस्लामनगर और वजीरगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पीएसी को भी बुला लिया गया। पुलिस ने जैसे-तैसे जाम खुलवाया। उसके बाद कहीं परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना हुए।
किशोर की हत्या 24 मई को ही कर दी गई थी
पिंदारा के रोहताश की हत्या तीन लोगों ने मिलकर की थी। उनमें पकड़े गए परसिया निवासी अंकित ने बताया कि इसमें दो आरोपी बिसौली कस्बा के रहने वाले हैं। उन्होंने रोहताश का ई-रिक्शा पुलिस चौकी के सामने से बुक किया था। उसके बाद वह ई-रिक्शा मलखानपुर और लक्ष्मीपुर होते हुए अरिल नदी पहुंचे थे। वहीं उन्होंने मिलकर रोहताश की हत्या कर दी थी। इसमें अभिजीत नाम का आरोपी अभी नहीं पकड़ा गया है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।
लाश बरामद करने से पहले तैनात कर दी गई पुलिस
मंगलवार दोपहर कोतवाली पुलिस ने जहां से किशोर का शव बरामद किया। उससे पहले घटनास्थल के आसपास पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। करीब एक किलोमीटर पहले ही लोगों को रोक लिया गया था। उस दौरान घटनास्थल पर किसी को जाने नहीं दिया गया।
सैदपुर कस्बे में कबाड़े में बेची थीं ई-रिक्शा की बैटरी
तीनों हत्यारोपियों ने रोहताश की हत्या के बाद उसके ई-रिक्शा की बैटरी लाकर सैदपुर कस्बे में एक कबाड़ी की दुकान पर बेची थी। सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बैटरी बरामद कर ली हैं। आरोपियों ने बैटरी कितने में बेची थीं। पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है।