उझानी। कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की बेटी घर में सोने के जेवरात समेट अपने प्रेमी के संग चली गई। आरोप है कि किशोरी को ले जाने से पहले प्रेमी युवक ने किशोरी के पिता को भी फोन पर धमकाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता ने बताया कि आरोपी युवक कौन है और कहां रहता है, वह नहीं जानता। उनकी बेटी जिस युवक के नंबर पर फोन से बात करती थी, उसी नंबर से युवक ने तीन दिन पहले फोन कर उन्हें धमकाया था। आरोपी युवक ने यह भी कहा था कि किशोरी के बहनोई को भी जान से मार देंगे।
इसके बाद किशोरी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर लापता हो गई। अब उसका फोन बंद आ रहा है। पुलिस ने मोबाइल फोन नंबर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने किशोरी और आरोपी के फोन नंबरों से जानकारी जुटाने के लिए सर्विलांस सेल से संपर्क साधा है। इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार का कहना है कि तलाश की जा रही है। दोनों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।