बिल्सी। ग्राम सिद्धपुर चित्रसेन में बुधवार दोपहर एक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी गगन प्रजापति (16) पुत्र राजेंद्र प्रजापति बुधवार दोपहर साइकिल से अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव से अकौली मार्ग पर रास्ते में झूल रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आते ही किशोर मौके पर ही गिर पड़ा। राहगीरों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी।
आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में गगन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता राजेंद्र प्रजापति और मां कन्यावती रो-रोकर बेहाल हैं। लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने झूल रहे बिजली तारों को लेकर नाराजगी जताते हुए विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
करंट की चपेट में आकर टेक्नीशियन का हाथ झुलसा
सैदपुर। बुधवार को थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम कतगांव के पास श्याम बाबा कोल्ड स्टोर में केबल में आए फॉल्ट को सुधारने के दौरान मशीन टेक्नीशियन सतीश शंखधार (28 वर्ष) करंट की चपेट में झुलस गए। उन्हें सीएचसी, सैदपुर में भर्ती कराया गया है।
बताते हैं कि समीपवर्ती गांव परसिया निवासी सतीश शंखधार एमसीबी गिराने पैनल के पास गए थे। इसी बीच एक केबल पैनल पर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर उनका एक हाथ बुरी तरह झुलस गया। लोगों का कहना है कि ओवरलोड की वजह से केबल में फॉल्ट हुआ। कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों ने शोर सुनकर सतीश को जैसे-तैसे बचाया और उसे सैदपुर सीएचसी लेकर गए। घटना की सूचना मिली तो कोल्ड स्टोर स्वामी भी सीएचसी पहुंच गए और कर्मचारी का हालचाल जाना। बता दें कि सतीश शंखधार को इसी वर्ष शुरू हुए कोल्ड स्टोरेज पर काम पर रखा गया है। संवाद