बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक ने किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पिता का आरोप है कि पुलिस ने देर शाम तक बेटी को महिला हेल्प डेस्क पर बैठाए रखा। उसने बयान बदलवाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही एक युवक दबंग किस्म का है। वह काफी दिनों से उनकी बेटी को घर आते जाते समय परेशान करता है। बेटी ने शर्म की वजह से आरोपी की करतूत नहीं बताई। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे बेटी शौच को गई थी। तभी रास्ते में उसे आरोपी मिल गया और उसे अपने घर ले गया। उसके साथ उसने दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। शिकायत करने पर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। बेटी जब रोती बिलखती घर पहुंची तो उसने आपबीती बताई। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
पुलिस ने देर शाम तक न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही आरोपी की तलाश की। पिता का आरोप है कि हल्का दरोगा समझौते का दबाव बना रहे हैं। बिसौली कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद