बदायूं जिले में खेत में फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलवाने के लिए किसान से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जरीफनगर विद्युत उपकेंद्र में तैनात टीजी-2 (टेक्नीशियन) हरदेवा राम और संविदा लाइनमैन मानक चंद्र को बरेली से आई भष्ट्राचार निवारण (एंटी करप्शन) संगठन की टीम ने दबोच लिया। बृहस्पतिवार की शाम 3:12 बजे विद्युत उपकेंद्र पर की गई कार्रवाई से अन्य कर्मचारियों में खलबली मच गई। दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ने के बाद टीम इन्हें सहसवान थाने ले गई।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुड़ई गांव निवासी सर्वेश कुमार के खेत में ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर कुछ दिन पहले फुंक गया था। खेत में नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने के लिए उन्होंने विद्युत उपकेंद्र के कई चक्कर लगाए। आरोप है कि खेत में ट्रांसफॉर्मर बदलवाने के लिए विद्युत निगम के टीजी-2 पद पर तैनात हरदेवा राम निवासी गांव जीणवार थाना मारोठ जिला नागौर राजस्थान और संविदा लाइनमैन मानक चंद्र निवासी गांव आरिफपुर भक्ता नगला, थाना जरीफनगर ने किसान से 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।