जाम से सबक लेकर कछला में तीन और पार्किंग बना
सावन माह के दूसरे रविवार को कछला गंगा घाट तक हजारों की संख्या में वाहन पहुंचने की वजह से भयंकर जाम लगा था। तीसरे सोमवार को भी अधिक कांवड़ियों की भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके मद्देनजर तीन और पार्किंग बनाई गई हैं। इनमें सबसे बड़ी पार्किंग गोविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय की दीवार तोड़कर बनाई गई है। अब छह वाहन पार्किग हो गईं। पार्किंग से वाहन आगे नहीं जाएंगे। इसके साथ डीजे के लिए दो अलग से पार्किंग बनाई गई हैं।
बुधवार को सीओ उझानी पूरे दिन कछला में रहकर तैयारी परखते रहे। उन्होंने बताया कि गंगा अकेडमी स्कूल की पार्किंग को मिट्टी डलवा के सही किया गया है। दूसरी पार्किंग बाइपास पर बनाई गई है। तीसरी सबसे बड़ी पार्किंग गोविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय की दीवार तोड़कर बनाई गई है। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं कि पार्किंग से आगे किसी भी श्रद्धालु की गाड़ी न जाने पाए। डीजे के लिए अलग पार्किंग बनाई गई है।
बताया कि पार्किंग भर जाने पर चौराहे से ही ननाखेड़ा रोड और सहसवान रोड पर डीजे लगाए जाएंगे। ताकि मार्ग पर श्रद्धालुओं को कोई भी परेशानी न हो। मुख्य मार्ग से स्नान स्थल तक पहुंचने के लिए केवल पैदल का एक ही रास्ता खोला गया है। बाकी अन्य रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रत्येक पार्किंग पर चार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को गाड़ी लगाने में कोई परेशानी का सामना करना ना पड़े।
तीसरे सोमवार के लिए रेंज से मिली अतिरिक्त फोर्स
सावन माह में पहले और दूसरे सोमवार पर जिले में आई कावंड़ियों की भीड़ को देखते हुए जनपद को रेंज से तीसरे सोमवार के लिए अतिरिक्त फोर्स मिली है। रेंज से मिली फोर्स में 9 इंस्पेक्टर, 45 सब-इंस्पेक्टर, 4 ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर और 150 आरक्षी अतिरिक्त मिले हैं। आवश्यकता पड़ने पर ही एआरटीओ कार्यालय से बिल्सी होते हुए मुजरिया को जाने वाले मार्ग पर रूट डायवर्ट किया जाएगा।
एसपी सिटी व नोडल कांवड़ यात्रा अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि कछला घाट पर जाम न लगने पाए, इसके लिए तीन पार्किंग और बनाई गई हैं। इसमें दोपहिया, चार पहिया वाहनों की अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं। किसी भी वाहन को कछला गंगा घाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।