बदायूं। चल-अचल संपत्ति की पूरी जानकारी शिक्षकों को 31 अगस्त तक पोर्टल पर देनी होगी। अगर समय पर जानकारी नहीं दी गई तो शिक्षकों का अगस्त माह का वेतन रोक दिया जाएगा।
पहले शासन ने सभी सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा पोर्टल पर अपडेट करने को कहा था। अब इसमें शिक्षकों को भी शामिल कर लिया गया है। ऐसे में मानव संपदा पोर्टल पर 31 अगस्त तक सभी कर्मियों को अपना ब्योरा अपलोड करना होगा। अगर 31 अगस्त तक ब्योरा अपलोड नहीं किया तो उनकोे वेतन नहीं दिया जाएगा।
परिषदीय स्कूलों में तैनात शिक्षकों को 31 अगस्त तक हर हाल में अपनी चल और अचल संपत्ति का ब्योरा मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। महानिदेशालय ने संपत्ति घोषित न करने वाले शिक्षकों को बीएसए के माध्यम से चेतावनी दी है कि अगर समय से अपनी संपत्ति का विवरण प्रस्तुत नहीं किया तो वह प्रतिकूल तथ्य के रूप में माना जाएगा।
ऐसे शिक्षकों का अगस्त माह का वेतन रोका जाएगा। इसको लेकर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी शिक्षकाें को शासन की मंशा के अनुसार डाटा मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं ताकि वह कार्रवाई की जद में आने से बच सकें।