प्रशिक्षु भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में चल रही काउंसिलिंग के तीसरे दिन सबसे ज्यादा अभ्यर्थी पहुंचे। 3317 अभ्यर्थियों ने अपनी काउंसिलिंग पूरी कराई। तीन दिन के रिकार्ड पर नजर डाली जाए, तो 7955 पुरुष अभ्यर्थी काउंसिलिंग कराने के लिए उमड़े।
नौकरी की चाह में बफीर्ली हवाएं भी अभ्यर्थियों के कदम को नहीं डिगा सकीं। भीषण ठंड के बावजूद भी डायट में चल रही काउंसिलिंग में हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों का रेला उमड़ा। रविवार को दो दिन की अपेक्षा सबसे ज्यादा संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। डायट प्राचार्य आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सामान्य वर्ग में 844, ओबीसी में 2218 तथा एससी वर्ग में 255 अभ्यर्थी काउंसिलिंग कराने पहुंचे। सुबह से ही भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। इसके बाद दोपहर में थोड़ी लाइन कम हुई तो शाम तक संख्या फिर बढ़ गई। श्री शर्मा ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं दुरस्त की जा चुकी हैं। अभ्यर्थी को किसी भी परेशानी से बचने के लिए कोशिशें जारी हैं। बताया कि आज से महिलाओं की काउंसिलिंग कराई जाएगी। व्यवस्थाओं को लेकर सभी को निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
एक अभ्यर्थी के प्रमाण-पत्र खोए, मिले
बदायूं। शनिवार को काउंसिलिंग कराने आए एक अभ्यर्थी के प्रमाणपत्र की फाइल गुम हो गई। काफी ढूंढने पर भी नहीं मिली। इससे उसकी परेशानी बढ़ती चली गई। डायट प्रवक्ता नवेद खां ने बताया कि अभ्यर्थी का कई बार फोन भी आया। उसकी फाइल को दिखवाया गया। जिसे मिलने के बाद सुरक्षित रख लिया गया। श्री नवेद ने बताया कि अभ्यर्थी से पूछने पर बताया कि काउंसिलिंग स्थल पर ही वह अपनी फाइल रखकर भूल गया था। हालांकि वह मिल गई। रविवार को प्रवक्ता नवेद ने सभी अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेज ढंग से रखने के लिए निर्देश भी दिए।