बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक शिक्षक के साथ सरेराह मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। मदन लाल इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षक को अज्ञात बदमाशों ने घेरकर हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
शिक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह मदन लाल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। 29 जनवरी को अपनी कार से कॉलेज से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह साईं मंदिर तिराहे के पास पहुंचे, तीन बाइक सवार आठ अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसे देख हमलावर गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने इस्तेमाल की गई तीन बाइकों में से एक का नंबर था। पुलिस ने इस सुराग के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित का यह भी कहना है कि वह अक्सर अपने पेट्रोल पंप से कैश लेकर आते-जाते हैं, जो हमले की वजह हो सकती है। पुलिस ने इस मामले में धारा 12 के तहत सूचना दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ राजेंद्र सिंह पुंडीरखुद इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं।