राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अतिथि। स्रोत कॉलेज
बदायूं। पीएमश्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में कॅरियर गाइडेंस कार्यक्रम के तहत कॅरियर मेला लगा। मेले में छात्राओं ने अपनी रुचि और रचनात्मकता को दर्शाते हुए चार्ट, पोस्टर, मॉडल, रंगोली की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही नाटक, कविता, भाषण, गीत व लोकनृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक गुलनवाज आलम ने कहा कि इसका उद्देश्य छात्राओं में विभिन्न कॅरियर अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही यह भविष्य की दिशा तय करने में सहायता प्रदान करना है। विशिष्ट अतिथि जिला सेवायोजन कार्यालय के कॅरियर काउंसलर परवेज अली खान ने छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार अवसरों तथा उच्च शिक्षा के मार्गों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
पीएमश्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य अल्पना कुमार ने कहा कि बदलती दुनिया में कॅरियर के अनेक आयाम हैं। इनमें टेक्नोलॉजी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, खेल और प्रशासन से जुड़े क्षेत्रों में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं मौजूद हैं। समग्र शिक्षा माध्यमिक जिला समन्वयक चंद्रभान यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने से छात्राओं में आत्मविश्वास भी बढ़ता है। कार्यक्रम में एक विशेष कॅरियर काउंसलिंग कॉर्नर भी स्थापित किया गया। वहां पर परवेज अली खान व अल्पना कुमार ने छात्राओं को नवीनतम जानकारी दी।