बरेली में हुई यूपी स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बदायूं के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा। दोनों वर्ग में उन्हें नौ स्वर्ण पदक मिले। उनके खाते में छह रजत और 10 कांस्य पदक भी आए। वापसी पर मंगलवार को जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने पदक विजेताओं को मेडल पहना कर पुरस्कृत किया। मेडल प्राप्त खिलाड़ियों के सम्मान में भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज में जिला ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने ताइक्वांडो खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की। कहा कि पदक हासिल करके खिलाड़ियों ने बदायूं जिले का नाम रोशन किया है। स्वर्ण पदक विजेताओं में बालिका वर्ग में रिसिका गुप्ता, कशिश खांन, निशा कुमारी, नेहाबी, अंतिमा सोलंकी, निशु गोस्वामी, बालक वर्ग में कार्तिक, ललित और भूपेंद्र यादव शामिल हैं। गौरी शर्मा, दीक्षा, सलोनी, प्रगति शाक्य, अंबिका और कुनाल चौहान को रजत पदक मिला है।
कांस्य पदक विजेताओं में शिवांगी, प्रतिज्ञा, अप्रिता तोमर, राखी शर्मा, लवी यादव, मोहिनी, निशी, वैशाली पवन यादव और अभिषेक मथुरिया शामिल हैं। कोच अजयपाल सिंह ने दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान जिले के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। श्री मेंदीरत्ता ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाए। उन्हें प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर हरंवश पहलवान, अनमता खांन, आबिद हुसैन, प्रधानाचार्या सुदर्शना भाटिया और हनी सपरा आदि मौजूद थे।