स्वाइन फ्लू को लेकर नगर परिषद प्रशासन हरकत में आ गया। जानवरों को बाड़े में रखने को कहा गया है। शनिवार को सफाई कर्मियों ने मलिन बस्तियों में कीटनाशक का छिड़काव किया।
नगर परिषद के सफाई कर्मियों की टीमों ने शनिवार को मलिन बस्तियों में जाकर जानवर पालने वालों को चिह्नित किया। साथ ही बहादुरगंज और गद्दी टोला इलाकों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया। सफाई निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते शासन से जो निर्देश मिले हैं उसके अनुरूप काम किया जा रहा है। इससे पहले ईओ ललतेश सक्सेना ने सफाई कर्मियों को बुलाकर जरूरी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। कहा कि जानवर बाड़े से बाहर घूमते मिले तो पालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रोज शाम के समय फागिंग कराने का भी निर्देश दिया। इसमें लापरवाही करने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।