बदायूं। नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर हाउस टैक्स का भार बढ़ने वाला है। पहले चरण में व्यावसायिक मकानों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। अब उन पर टैक्स लगाने का काम चल रहा है। सप्ताह भर में इसकी कार्रवाई पूरी जाएगी। उसके बाद व्यावसायिक मकानों को टैक्स का बिल भेजने का काम शुरू हो जाएगा।
नगर के भवनों में टैक्स लगाने के लिए वर्ष 2006 में सर्वे कराया गया था। उस समय 24 हजार मकान को टैक्स के दायरे में लिया गया था। अब फिर से टैक्स बढ़ाने का सर्वे शुरू किया गया है। अब मकानों की संख्या बढ़कर करीब 30 हजार हो गई है। पालिका की ओर से पहले चरण में व्यावसायिक मकानों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। ऐसे मकान तीन हजार से ज्यादा की है।
सर्वे में देखा गया कि मकान की ऊंचाई कितनी है, शौचालय कितने बने हैं। कितने क्षेत्र में पूरा मकान बना है। उसी के हिसाब से टैक्स की नई दरें लगाए जाने की तैयारी है।
कर अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि व्यावसायिक मकानों का सर्वे पूरा हो चुका है। टैक्स की दरें लगाने की प्रक्रिया चल रही है। अन्य मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। इसमें दो माह का समय लग जाएगा।
वजीरगंज नगर पंचायत में नहीं बढ़ेगा टैक्स
वजीरगंज नगर पंचायत में हाउस टैक्स को लेकर सर्वे नहीं कराया जा रहा है। इस वजह से पूर्व में चला आ रहा टैक्स ही लगेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष नूरसवां ने बताया कि पंचायत में नया सर्वे नहीं कराया जा रहा है। जो पुराना टैक्स है, वही चलेगा।
-